वैभव हत्याकांड :
थानों में जमा वाहनों में वैभव की बाइक तलाश रही क्राइम ब्रांच
दो साल पहले बिथरीचैनपुर की कचौली नहर के पास मिली थी लाश
बिथरीचैनपुर थाना पुलिस से विवेचना क्राइम ब्रांच को हुई थी ट्रांसफर
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। बड़ा बाईपास पर रिलायंस कंपनी के सेल्स मैनेजर वैभव की दो साल पहले लाश मिलने के मामले में क्राइम ब्रांच जिले के थानों में जमा लावारिस वाहनों में उसकी बाइक तलाश रही है। कचौली नहर के पास वैभव की लाश मिली थी लेकिन उसकी उसकी बाइक और हेलमेट गायब था। यह केस के अहम सुराग हैं। विवेचक जयप्रकाश यादव बुधवार को बारादरी थाने पहुंचे और लावारिस दर्ज बाइकों की लिस्ट खंगाली। वैभव की दो मई, 2016 को लाश मिली थी। घटनास्थल पर कार के टायर के निशान मिलने पर पुलिस ने वैभव की कार से कुचलकर हत्या करने की कोशिश की थी। वैभव के भाई अंबरीश ने वैभव के दोस्त गौरव पर शक जाहिर किया था। परिवार के आरोपों के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन कोई साक्ष्य नहीं मिले। इसके बाद जांच क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दी गई।
ऑफिस से बाइक पर निकला थे वैभव
कैंट थाना क्षेत्र में पोस्टर कॉलोनी निवासी वैभव दुर्गावंशी डीएम आवास के सामने रिलांयस कार्यालय में बतौर सेल्स मैनेजर काम करते थे। वह घटना वाले दिन हेलमेट लगाकर बाइक से घर वापस जाने के लिए ऑफिस से निकले थे। बाद में कचौली नहर के पास से उनकी लाश मिली थी, लेकिन बाइक और हेलमेट नहीं मिला। पुलिस ने नहर में भी बाइक की तलाश कराई थी लेकिन उसका पता नहीं चला।
बाइक और हेलमेट केस के अहम सुराग हो सकते हैं। विवेचक को जनपद के सभी थानों में दो साल पहले दर्ज लावारिस वाहनों में वैभव की बाइक तलाशने के निर्देश दिए गए हैं। विवेचक बाइक की तलाश कर रहा है। - रमेश भारतीय, एसपी क्राइम