मूसाझाग इलाके में किशोरी से गैंगरेप और बाद में पीड़िता की खुदकुशी का मामला ठंडा भी नहीं पड़ा था कि शुक्रवार को बिल्सी थाना क्षेत्र में एक बालिका से गैंगरेप का मामला सामने आया। दो लोगों ने 12 साल की बालिका को ट्यूबवेल की कोठरी में बंधक बनाकर दुष्कर्म किया। 21 अगस्त की यह घटना बिल्सी पुलिस दो दिन तक छिपाए रही।
दबाव पड़ने पर शुक्रवार को पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। इसके बाद बालिका को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। बिल्सी थाना क्षेत्र के एक गांव की बालिका 21 अगस्त को पशुओं के लिए चारा लेने खेत में गई थी। तभी वहां गांव का सत्यवीर और एक अन्य किशोर पहुंच गया। आरोप है कि दोनों बालिका को जबरन उठाकर पास में बनी ट्यूबवेल की कोठरी में ले गए और दुराचार करके मौके से भाग गए।
बाद में पीड़ित बालिका रोते हुए घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना बताई। परिवार वाले उसी दिन पीड़ित को लेकर बिल्सी थाने गए। पीछे से आरोपियों के परिवार वाले भी थाने जा पहुंचे। पीड़ित पक्ष की शिकायत के बावजूद पुलिस ने घटना की रिपोर्ट दर्ज नहीं की। गांव में दो दिन तक चली पंचायत में पीड़ित पक्ष पर समझौते के लिए दबाव बनाया गया, लेकिन पीड़ित परिवार नहीं माना। शुक्रवार सुबह परिजन फिर पीड़ित को लेकर थाने गए। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली। एसपी देहात सुरेंद्र प्रताप सिंह और इंस्पेक्टर संजय राय भी गांव पहुंचे। दोनों आरोपी फरार हैं।
परिवार वाले शुक्रवार को आए थे। उनकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पीड़ित बालिका को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा है। दो दिन तक पीड़ित के परिजनों और आरोपियों के बीच समझौते की बात चलती रही, जिससे मामला थाने नहीं आया।
- संजय राय, इंस्पेक्टर बिल्सी