बरेली। मां-बेटी के लापता होने के तीन महीने बाद कंकाल बरामद होने के मामले में पिता को आरोपी ठहराते हुए सीबीगंज पुलिस ने जेल भेजा है। पिता के बेटी के लिए लिखे अश्लील पत्रों से पुलिस को पहला सुराग मिला था। इन पत्रों से पिता का घिनौना चेहरा सामने आया था। पुलिस कस्टडी में पिता ने खुद कबूलनामा किया कि वह अपनी बेटी से संबंध बनाता था। पत्नी के सामने हकीकत आने के बाद बेटी की निगरानी बढ़ गई थी। मां अपनी बेटी के साथ होने वाले अत्याचारों से घुट रही थी। पुलिस की कहानी के मुताबिक, 16 अक्तूबर को मां ने अपनी बेटी के साथ खेत पर जाने के बाद खुदकुशी की थी। चूंकि घटना को तीन महीने बीत चुके थे और सिर्फ कंकाल बरामद हुए थे, इसलिए यह स्पष्ट नहीं हो सका कि मां ने बेटी को मारकर खुदकुशी कर ली या दोनों ने एक साथ खुदकुशी कर ली। खुदकुशी कैसे की यह भी पता नहीं चल सका ह्रै।
आरोपी पिता के मुताबिक पत्नी के लापता होने से चार दिन पहले उसको बेटी के साथ पकड़ा गया था। उस दिन उसकी पत्नी ने उसको थप्पड़ मारा था। गुस्से में बेटी को साथ लेकर चली गई थी। उसके मुताबिक, शराब के नशे में उससे यह सब हुआ। उसके दो बेटे इस हकीकत को नहीं जानते थे। यही वजह है कि मां और बहन के गायब होने के काफी समय तक खोजबीन चलती रही थी। सीबीगंज इंस्पेक्टर जय प्रकाश ने बताया कि पूरा सत्य सामने आने के बाद मां-बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने, बेटी से दुष्कर्म करने और पाक्सो एक्ट केें तहत आरोपी पिता के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ये बिंदु केस के खुलासे में मददगार बने :
- तीन महीने तक परिवार का पुलिस से संपर्क न करना
- गांव के बाहर के खेत से कंकाल मिलना, जबकि परिवार का दावा था कि उसने खोजबीन की
- घर की तलाशी में बेटी को लिखे प्रेम पत्र मिलना
- मायके पक्ष के मामा-मामी से पूछताछ में मिले थे अहम सुराग
आरोपी पिता के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य हैं। उसको बेटी के साथ दुष्कर्म करने, मां-बेटी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपों में जेल भेजा गया है। - सीमा यादव, सीओ द्वितीय