बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में सात जनवरी को हुई मुठभेड़ में मारे गए कपिल और अशोक के परिजन पहले सत्तापक्ष से गुहार लगाने फिर कानूनी कार्यवाही के मूड में है। कपिल के परिवार ने अमरोहा-संभल क्षेत्र के तो अशोक के घरवालों ने गाजियाबाद के भाजपा नेताओं से संपर्क साधना शुरू कर दिया है। मुठभेड़ को हत्या की सुनियोजित साजिश बताकर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है। कपिल का परिवार सत्रह जनवरी के बाद लखनऊ जाकर सीएम योगी से मिलेगा और बरेली पुलिस के अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करेगा।
कपिल के भाई सुरेंद्र ने बताया कि सत्रह को कपिल का दसवा संस्कार हो जाएगा। इसके बाद वह पैरवी को आगे बढ़ाएंगे। जाट बाहुल्य इलाके में उनके रिश्तेदार और परिचित भाजपा नेताओं से इस बारे में बात हुई है। अमरोहा के जिला पंचायत अध्यक्ष से भी शिकायत की थी। उन्हें बताया था कि किस तरह पांच साल से शरीफों की जिंदगी जी रहे उनके भाई को पुलिस ने धोखे से ले जाकर मुठभेड़ दिखाकर मार डाला। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि अन्याय हुआ है तो कार्रवाई जरूर कराई जाएगी। सत्रह के बाद लखनऊ जाकर सीएम योगी के सामने पुलिस की कारगुजारी बताकर कार्रवाई की मांग करेंगे। सरकार ने नहीं सुनी तो कोर्ट जाएंगे। इसी तरह अशोक के परिवारवाले गाजियाबाद के क्षेत्रीय भाजपा नेताओं के सहारे गृह मंत्री के पुत्र विधायक पंकज सिंह से मिलकर पैरवी कराने में लगे हैं। परिवार काफी पहले से भाजपा और संघ से जुड़ा है, इसलिए मजबूत पैरवी का आधार बन सकता है।