सोमवार रात बदमाशों ने जौहरपुर स्थित एसबीआई शाखा के एटीएम बूथ का शटर काटकर एटीएम से कैश निकालने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हुए। तीन बदमाश करीब तीन घंटे तक बेखौफ होकर एटीएम का कैश चेस्ट खोलने में लगे रहे, लेकिन इस दौरान पीआरवी और पुलिस पिकेट नदारद रही। सीसीटीवी कैमरा तोड़ने से पहले बदमाश उसमें कैद हो गए।
सीबीगंज क्षेत्र में जौहरपुर स्थित नई बस्ती में हाईवे किनारे एसबीआई की परसाखेड़ा शाखा है। इसमें एटीएम भी लगा है। सोमवार रात करीब तीन बजे तीन बदमाशों ने एटीएम बूथ के शटर के ताले काट लिए। पहले एक बदमाश बूथ में घुसा और दो बाहर खड़े रहे। अंदर घुसने से पहले बदमाशों ने बाहर लगा कैमरा पीछे घुमा दिया और अंदर लगा कैमरा तोड़ दिया, लेकिन इतनी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। अंदर बैठकर बदमाश एटीएम काटते और तोड़ते रहे, मगर कैश चेस्ट नहीं खोल सके। सीसीटीवी फुटेज में दर्ज टाइम के मुताबिक बदमाश 3.20 बजे एटीएम बूथ में में घुसे और कैश न मिलने पर 5.20 बजे फरार हो गए। सुबह पौने नौ बजे बैंक पहुंचे सुरक्षाकर्मी निखिल टंडन निवासी बिहारीपुर ने घटना की सूचना बैंक अफसरों को दी। इसके बाद एसपी (क्राइम) रमेश भारतीय, सीओ द्वितीय अशोक मीणा, सीबीगंज इंस्पेक्टर और फील्ड यूनिट पहुंची। पुलिस ने शाखा प्रबंधक हेमंत गुप्ता से सीसीटीवी कैमरे की फुटेज ले ली।
पीआरवी-175 रहती है बैंक के पास
घटना के दौरान करीब तीन घंटे तक बदमाश एटीएम बूथ में मौजूद रहे, लेकिन पुलिस नदारद रही। रात में पीआरवी-175 की लोकेशन भी एटीएम के पास रहती है लेकिन वह भी गायब थी। पुलिस पिकेट भी नदारद रही। एसपी सिटी अभिनंदन सिंह ने पीआरवी-175 पर रात्रि ड्यूटी में तैनात एसआई खचेड़ू सिंह, सिपाही अरुण कुमार और ज्ञानेंद्र सिंह को कड़ी फटकार लगाई और कार्रवाई की चेतावनी दी।
तीन दिन से कर रहे थे रेकी, पुलिस ने नहीं दिया ध्यान
एटीएम काटने के लिए बदमाश यहां तीन दिन से रेकी कर रहे थे। पास ही कॉलोनी में रहने वाले विनोद कुमार के मुताबिक दो दिन पूर्व उनके घर की आधी रात में बदमाशों ने बेल बजाई थी। खिड़की से अज्ञात लोग दिखने पर उन्होंने दरवाजा नहीं खोला। सुबह जब सोकर उठे तो पास ही बीड़ी, सिगरेट के टुकड़े, चिप्स के पाउच आदि सामान पड़ा था। उन्होंने थाना पुलिस को इसकी सूचना भी दी, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया।