बरेली। मोबाइल लूट के आरोपी को छोड़ने के मामले में एसएसपी ने सुभाषनगर थाने के दरोगा अनुज चौधरी को नोटिस जारी कर दिया है। साथ ही आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपीओ (अभियोजन) से भी राय ली जाएगी।
बता दें कि सुभाषनगर में शराब भट्ठी वाली सड़क पर बैंक की महिला कर्मचारी से बाइक सवार एक युवक ने मोबाइल लूट लिया था। घटनाक्रम सीसी कैमरे में कैद हो गया था। पहचानकर पुलिस ने युवक को पकड़कर मोबाइल बरामद कर लिया था। महिला ने लूट की तहरीर सौंपी थी, लेकिन मोबाइल मिलने के बाद वापस ले ली। पुलिस को भी जब पता चला कि मोबाइल लूट का आरोपी युवक एक शराब कारोबारी भूपेंद्र तलवार का बेटा चिम्मन है तो मामला रफा दफा कर दिया गया। बात खुलने पर एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने सुभाषनगर एसएचओ आरएन चौधरी से जवाब-तलब कर लिया। इसके बाद आनन-फानन में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई। अब दरोगा अनुज चौधरी को भी नोटिस जारी किया गया है। रिपोर्ट दर्ज होने के बावजूद दिक्कत यह आ रही है कि महिला तहरीर वापस ले चुकी है। ऐसे में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपीओ से राय ली जाएगी।