लाखों का एक प्लाट दो मसलकों के झगड़े में फंस गया है। धर्मस्थल के ठीक बगल में स्थित इस प्लाट को बेचने का दबाव बनाए जाने के बाद प्लाट मालिक आसिफ ने एसपी सिटी कार्यालय में शिकायत की। एसपी सिटी ने इज्जतनगर थाना प्रभारी को मामले की गंभीरता से जांच करके निस्तारित करने के निर्देश जारी किए हैं। बताया जा रहा है कि प्लाट का मालिक और बेचने का दबाव बनाने वाले दोनों अलग-अलग मसलक के हैं, जिससे विवाद पैदा हो गया है।
रहपुरा चौधरी निवासी आसिफ रजा खां ने 13 जून को एक प्लाट को अपने रिश्तेदार मेराज के साथ साझेदारी में नागेंद्र सारस्वत निवासी राजीव कुंज कॉलोनी से खरीदा था। इस प्लाट का बैनामा रजिस्ट्री कार्यालय से उसी दिन करवाया गया था। बताया गया है कि इस प्लाट से बगल में महमूद बेग पुत्र नसीर बेग और कय्यूम बेग का प्लाट भी है। आरोप है कि दोनों इस प्लाट का कम दाम में सौदा करने का दबाव बना रहे हैं। जब पीड़ित ने प्लाट को नहीं बेचा तो वह रंजिश मानने लगे। आसिफ ने बताया कि प्लाट पर निर्माण करवाने के लिए ईंट व रेता रखवाई थी। 15 जून की सुबह सात बजे पीड़ित प्लाट पर पहुंचा तो दोनों आरोपियों ने आधा दर्जन साथियों के साथ हमला बोल दिया। प्लाट पर मारपीट की गई। मौके पर यूपी 100 पुलिस पहुंची जिसके बाद मामला शांत हुआ।