बिशारतगंज। बिशारतगंज रेलवे स्टेशन पर शनिवार दोपहर मुरादाबाद-बरेली पैसेंजर ट्रेन से उतरे एक मानसिक मंदित ने आरपीएफ समेत स्टेशन के स्टाफ को भी मुसीबत में डाल दिया। जैसे ही ट्रेन चलाने के लिए ड्राइवर ने हॉर्न बजाया वह इंजन के आगे आकर लेट गया। करीब 15 मिनट तक पसोपेश के बाद रेल कर्मियों ने बमुश्किल उसे ट्रैक से उठाकर ट्रेन को रवाना किया तो यह युवक कुछ ही देर बाद आई दिल्ली-टनकपुर एक्सप्रेस के आगे भी लेट गया। इस बार वह हटाने पर भी नहीं हटा और ट्रेन करीब आधा घंटा लेट हो गई तो आरपीएफ की आंवला चौकी प्रभारी ने उसे बलपूर्वक ट्रैक से हटाकर हिरासत में ले लिया।
मुरादाबाद से बरेली जा रही पैसेंजर से एक मानसिक मंदित युवक बिशारतगंज स्टेशन पर उतरा और अजीब हरकतें करने लगा। यह देख स्टेशन पर यात्रियों की भीड़ लगने लगी। ट्रेन ने बरेली की ओर रवाना होने के लिए हार्न दिया तो वह कूदकर इंजन के आगे रेलवे ट्रैक पर लेट गया। ड्राइवर ने देखा तो ट्रेन रोक दी। ड्राइवर के कई बार हार्न बजाने पर वह हटने के बजाया ऊटपटांग हरकतें करता रहा। स्टेशन पर मौजूद रेलकर्मियों और यात्रियों ने उसे जैसे तैसे ट्रैक से हटाया। तब ट्रेन आगे रवाना हुई। 1 बजे दिल्ली से टनकपुर जाने वाली एक्सप्रेस स्टेशन पहुंची तो फिर उसने यही हरकत दोहराई। सूचना पर आरपीएफ के आंवला चौकी प्रभारी सत्यपाल मीना ने उसे ट्रैक से हटाया। ट्रेन रवाना होने के बाद उसे हिरासत में ले लिया। फिर उसे वह अपने साथ आंवला चौकी ले गए।