पुवायां (शाहजहांपुर)। परिवार के साथ गांव में ही एक बरात में शामिल होने गई किशोरी की नृशंस हत्या की कर दी गई। दूसरे दिन गांव से एक किमी दूर खेत में उसका शव पड़ा मिला। उसके पूरे शरीर पर चोट के निशान और कमर से नीचे के कपड़े फटे हुए थे। मृतका कक्षा छह की छात्रा थी।
शादी समारोह में द्वारचार तक किशोरी को लोगों ने देखा लेकिन इसके बाद वह लापता हो गई। बरात वाले घर में ही कहीं सो जाने की सोचकर परिवार के लोगों ने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। सुबह भी जब वह नहीं दिखी तो लोगों को चिंता हुई और उसकी तलाश शुरू हुई। दोपहर में उसका खेत में पड़ा मिला। शरीर क्षत विक्षत था। नरई में चलने के कारण पैरों में छिलने जैसे निशान थे। पुलिस ने महिला सिपाही और गांव की महिलाओं को बुलाकर शव का निरीक्षण कराने के बाद दुष्कर्म की आशंका को खारिज कर दिया। हालांकि सही जानकारी पोस्टमार्टम के बाद ही मिल सकेगी।
सूचना पाकर एएसपी सुभाषचंद्र शाक्य, सहायक पुलिस अधीक्षक सैयद मोहम्मद कासिम, सीओ प्रवीण कुमार यादव, कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह, जिला मुख्यालय से फोरेंसिक टीम और डाग स्क्वॉड टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य एकत्र किए। खोजी कुत्ता शव से एक किमी दूर तक जाने के बाद वापस लौट आया। शव को पोस्टमार्टम को भेजा गया है। कोतवाली प्रभारी जसवीर सिंह का कहना है कि मृतका के पिता की ओर से मिली तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। किशोरी की मौत किसी जानवर के हमले में हुई हो सकती है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तो क्या बरात में था कोई हैवान
पुवायां।14 वर्षीय किशोरी की हत्या में सबसे बड़ा सवाल यह है कि मृतका गांव से एक किमी दूर खेत में कैसे पहुंची और उसकी हत्या आखिर किसने की। ऐसी आशंका है कि बरात में ही कोई ऐसा शामिल था जो उसे खेत तक ले गया और उसकी हत्या कर दी। फिलहाल पूरे मामले को पुलिस अलग मोड़ देने की कोशिश कर रही है।
अब पुलिस की थ्यौरी पर भी गौर करते हैं। यदि किशोरी जानवर के हमले का शिकार हुई है तो उसके कपड़े किसने फाड़े। मारने वाले पशु ने उसके शरीर से कहीं पर भी मांस नहीं नोचा है तो मौत कैसे हो गई। कौन सा ऐसा पशु है जो उसे गांव से चुपचाप उठा लाया। घटना स्थल पर पहुंचे एएसपी ने बारीकी से निरीक्षण कराया और मौके से कुछ साक्ष्य भी एकत्र किए गए हैं। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि कहीं बारात में तो कोई हैवान शामिल नहीं था, जो किशोरी को गलत नीयत से खेत पर ले आया हो और उसकी हत्या कर दी हो। लेकिन इस आशंका को पुलिस जाहिर नहीं कर रही है।
परिवार की भी लापरवाही
पुवायां। किशोरी की हत्या में परिवार के लोगों की लापरवाही भी बड़ी वजह रही है। जैसा कि अक्सर होता है कि शादी बरात में लोग बच्चों का ध्यान नहीं रखते हैं और असामाजिक तत्व इसका फायदा उठा लेते हैं। इस मामले में भी यही हुआ।
किशोरी की संदिग्ध मौत के मामले में जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्थित काफी हद तक साफ हो जाएगी। पुलिस तमाम बिंदुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। कुछ लोगों से पूछताछ भी की गई है। बरात के वीडियो आदि भी देखे जाएंगे।
सुभाषचंद्र शाक्य, एएसपी शाहजहांपुर