बरेली। उत्तराखंड रोडवेज की बस में पीलीभीत से बरेली आ रही एक छात्रा से पास में बैठे शोहदे ने पहले तो छेड़खानी की और उसके विरोध करने पर उसे हाथ पकड़कर धमकाने लगा। घबराई छात्रा ने शोर मचाया तो यात्रियों ने शोहदे को पकड़कर उसकी जमकर धुनाई की। यात्रियों की सूचना पर यूपी 100 पहुंची और उसने आरोपी आमिर खान को हिरासत में ले लिया। बाद में उसे थाना इज्जतनगर की पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पीलीभीत की एक पॉश कॉलोनी में रहने वाली छात्रा शनिवार शाम उत्तराखंड रोडवेज की बस में बरेली आ रही थी। यहां उसकी बहन रहती है। छात्रा के मुताबिक वह बस की पिछली सीट पर बैठी थी। बस चलने को हुई तो एक युवक आकर उसकी बगल में बैठ गया। पहले उसने नवाबगंज का टिकट लिया, लेकिन बाद में उसे अकेला देखकर टिकट बरेली तक के लिए बढ़वा लिया। रास्ते में अंधेरे का फायदा उठाकर युवक उसके साथ छेड़खानी करने लगा। उसने विरोध करते हुए उसका हाथ पकड़ा तो वह उसे धमकाने लगा। इस पर उसने शोर मचा दिया। इसके बाद यात्रियों ने शोहदे को पकड़कर पहले तो जमकर धुना और फिर पुलिस के हवाले कर दिया। इंस्पेक्टर इज्जतनगर उपेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी मो. आमिर खान बारादरी की सर सैय्यद एन्क्लेव में रहता है। वह बसों में फेरी लगाकर सामान बेचने का काम करता है। छात्रा के तहरीर दिए जाने के बाद उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।