गैस एजेंसी मालिक के भाई
की गोली मारकर हत्या
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट दर्ज
- हत्या के कारणों से नहीं उठ सका पर्दा, पुलिस जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
धौरहरा खीरी (लखीमपुर खीरी)।
कोतवाली क्षेत्र के गांव रामनगर लहबड़ी स्थित इंडेन गैस एजेंसी की रखवाली कर रहे एजेंसी मालिक के छोटे भाई 25 वर्षीय छोटकन चौधरी की सोमवार की रात अज्ञात लोगों ने कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से क्षेत्र में दहशत है। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हत्या के पीछे की वजह साफ नहीं हो सकी है।
गांव रामनगर लहबड़ी निवासी रामचंद्र की गांव के बाहर इंडेन गैस एजेंसी है। एजेंसी मालिक ने बताया कि उसका भाई छोटकन चौधरी और गांव कोठिया निवासी कर्मचारी दीपक कुमार एजेंसी पर ही रहते थे। उनका भाई रात में एजेंसी की रखवाली करता था। उन्होंने बताया कि रोज की तरह सोमवार की रात दीपक कुमार ऑफिस में सो रहा था, जबकि भाई बाहर बरामदे में सोया हुआ था। रात में किसी समय अज्ञात लोगों ने उसके भाई की कनपटी पर गोली मारकर हत्या कर दी।
सुबह करीब छह बजे जब दीपक कमरे से बाहर निकला तो देखा कि छोटकन्न का शव गोदाम के पीछे गैस एजेंसी परिसर में पड़ा है। उसकी कनपटी के पास से खून निकल रहा था। घबराए दीपक ने इसकी सूचना मालिक रामचंद्र को दी। तुरंत ही ग्रामीणों के साथ परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए। घटना की सूचना गांव के चौकीदार श्रवण कुमार ने पुलिस को दी। सूचना पर पहुंचे प्रभारी कोतवाल बृजेश त्रिपाठी ने घटना स्थल का निरीक्षण किया और एजेंसी मालिक, दीपक पाल और परिवार के अन्य लोगों से घटना के बावत जानकारी ली।
प्रभारी कोतवाल ने बताया कि मृतक के भाई रामचंद्र की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।