किशोरी से गैंगरेप करने और उसका वीडियो बनाकर वायरल करने के दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। मामले की विवेचना फरीदपुर इंस्पेक्टर को सौंपी गई है।
भुता के एक गांव में महीनाभर पहले शौच करने खेत पर गई किशोरी से गुड्डू और नितेश ने ईख में दुष्कर्म किया था। इसका वीडियो भी बना लिया था। इसे बाद में वायरल कर दिया था। वीडियो वायरल होने पर किशोरी के घरवालों ने दोनों के खिलाफ गैंगरेप की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रविवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। बकौल पुलिस, पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म भी स्वीकार कर लिया है। गैंगरेप का अरोपी गुड्डू शादीशुदा है और चार बच्चों का बाप है। उसका साथी नितेश पिकअप वैन का ड्राइवर है। नितेश का कहना है कि उसके दोस्त विकास ने उसके मोबाइल में वीडियो क्लिप देखकर अपने मोबाइल में ट्रांसफर कर ली थी और फिर वायरल कर दी।
गायब किशोरियों ने खुद के लखनऊ में होने की खबर दी
रिश्तेदारी से घर लौटते वक्त गायब दो बहनों ने घरवालों को खुद के लखनऊ में होने की जानकारी दी है। उनका कहना है कि बस में एक बाबा नशा सुंघाकर अपने साथ लखनऊ ले गया। घरवाले भुता पुलिस के साथ किशोरियों को लेने लखनऊ रवाना हो गए हैं।
भुता के गांव कोठा मक्खन की रहने वाली प्रीति और पूजा तीन महीना पहले थाना बीसलपुर के गांव चुटकुना में अपनी रिश्तेदारी में गईं थीं। रविवार को दोनों बहनें घर आने के लिए भड़रिया मोड़ से बस में सवार हुईं। उन्हें बस में बिठाने के लिए उनके बहनोई देवकुमार आए थे। इसके बाद रास्ते से दोनों गायब हो गईं। किशोरियां घर नहीं पहुंची तो उनके घर में हड़कंप मच गया। घरवाले उनकी तलाश में निकल पड़े। सोमवार को किशोरियों ने घरवालों को खुद के लखनऊ में होने की सूचना दी। उनका कहना था कि बस में एक बाबा ने उन्हें नशा सुंघा दिया और फिर अपने साथ लखनऊ ले गया। होश आने पर किशोरियों ने खुद को लखनऊ स्टेशन पर पाया तो घरवालों को फोन पर खबर दी। घरवालों की सूचना पर पुलिस ने डीआरपी लखनऊ से संपर्क साधा और दोनों किशोरियों को अपने संरक्षण में लेने को कहा। थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह ने बताया कि किशोरियों को लेने के लिए घरवालों के साथ महिला कांस्टेबल और दरोगा को लखनऊ भेजा गया है।