प्रतियोगी छात्र ने गोली मारकर की खुदकुशी
नौकरी न मिलने पर चल रहा था उदास, पिता की लाइसेंसी राइफल से खुद को मारी गोली
आवाज सुनकर कमरे में पहुंचे परिजन
अमर उजाला ब्यूरो
नवाबगंज। नवाबगंज के बरईपुर रामनगर गांव में एक प्रतियोगी छात्र ने पिता की लाइसेंसी राइफल से गोली मारकर खुदकुशी कर ली। गोली की आवाज सुनते परिजन कमरे की ओर दौड़े, उसके पहले युवक की मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी पाकर नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए शव भेज दिया।
बरईपुर रामनगर गांव निवासी राम मूर्ति विश्वकर्मा खेती किसानी करता है। उसका बड़ा बेटा अश्विनी कुमार (22) प्रतियोगी छात्र था। नौकरी की तलाश में भटकता रहा। रविवार की दोपहर घर में सन्नाटा देख कमरे में पहुंचा और पिता की लाइसेंसी राइफल से गोली मार ली। गोली मृतक के सिर में लगी और घटनास्थल पर दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि मृतक दो भाई व तीन बहन में बड़ा था। छोटा भाई अभिषेक व बहन सुधा, बबिता समेत मां निर्मला का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन के मुताबिक मृतक पढ़ाई करने के साथ नौकरी की तलाश करता रहा। सफलता न मिलने पर कई दिनों से निराश चल रहा था। रविवार की दोपहर अचानक गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गांव में युवक की मौत की खबर पहुंची, तो कोहराम मच गया। देरशाम तक मृतक के घर भीड़ जुटी रही।
फोटो 207 बरइपुर गांव में घटना के बाद मौजूद ग्रामीण