पंचायत के दबाव में प्रेम विवाह करने के बाद पत्नी का अश्लील वीडियो वायरल करने से ग्रामीण भड़क गए हैं। उन्होंने पुलिस पर सांठगांठ का आरोप लगाते हुए एसडीएम को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इस घटना से समाज में गलत संदेश जा रहा है।
इलाके के एक गांव का युवक छह महीने पहले जयपुर में रहकर कारचोबी का कार्य करता था। पड़ोस में भदपुरा ब्लॉक इलाके की युवती अपने परिवार के साथ रहती थी। इस दौरान दोनों में प्रेम संबंध हो गए।
युवती ने प्रेमी पर निकाह का दबाव बनाया तो उसने मना कर दिया। बाद में दोनों परिवार अपने गांव आकर रहने लगे। दो सप्ताह पहले प्रेमिका प्रेमी के घर पहुंच गई और निकाह की जिद पर अड़ गई।
इसके बाद मामला पंचायत में पहुंचा तो दोनों का निकाह करा दिया गया। आरोप है कि एक सप्ताह पहले युवक ने पत्नी से पीछा छुड़ाने के लिए उसका अश्लील वीडियो बनाकर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो गांव के लोगों ने देखा तो वे आक्रोशित हो गए।
शनिवार को कई लोगों ने एसडीएम कुमार धर्मेंद्र को शिकायती पत्र देकर दोषी पर कार्रवाई की मांग की। हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद से दंपती घर से फरार है।