बरेली/ नवाबगंज। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग कर अपशब्द कहने का वीडियो वायरल करने के आरोपी मिलक पिछौड़ा गांव निवासी जाबिर को नवाबगंज पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
सप्ताह भर पहले नवाबगंज थाना क्षेत्र के मिलक पिछौड़ा गांव में धार्मिक स्थलों के निर्माण को लेकर दो समुदायों के लोग आमने- सामने आ गए थे। तभी से वहां दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है, जिससे पुलिस बल तैनात है। गुरुवार को एक विवादित वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में एक युवक अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपशब्द कह रहा है। कुछ लोग ठहाके लगा रहे हैं। पुलिस के छानबीन करने पर पता चला कि वीडियो मिलक पिछौड़ा गांव के जाबिर पुत्र कयूम अली ने वायरल किया था। फिर कुंडरा कोठी चौकी इंचार्ज शौकेंद्र सिंह की ओर से जाबिर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई थी। गुरुवार रात पुलिस ने जाबिर को गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार को उसे जेल भेज दिया गया।
पूछताछ के दौरान जाबिर ने बताया कि यह वीडियो नोटबंदी के बाद बनाया गया था। मिलक पिछौड़ा के एक व्यक्ति ने पहले उसे शराब पिलाई। नशा होने पर उसने कुछ उल्टा सीधा बक दिया होगा। तभी मोबाइल से वीडियो बना लिया गया। वीडियो वायरल किसने किया इसकी जानकारी होने से जाबिर ने मना किया।
पुलिस-पीएसी के साथ सीओ ने किया पैदल मार्च
मिलक पिछौड़ा गांव पिछले कई दिनों से तनाव बना हुआ है, जिससे वहां पुलिस और पीएसी तैनात है। शुक्रवार को सीओ पीतमपाल सिंह ने हाफिजगंज व क्योलड़िया हाफिजगंज एसओ के साथ पैदल मार्च किया गया।
विवादित वीडियो वायरल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। सुरक्षा की दृष्टि से मिलक पिछौड़ा में पुलिस और पीएसी तैनात है।
- गौरव सिंह, इंस्पेक्टर नवाबगंज