बरेली के फरीदपुर इलाके में रंजिश में दबंगों ने मजदूर रज्जाक (45) को केरोसिन डालकर जिंदा जलाने की कोशिश की। चीख पुकार पर ग्रामीण पहुंचे तो आरोपी भाग गए। गंभीर रूप से झुलसे मजदूर को उसके बेटे ने बरेली के एक अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
फरीदपुर के गांव नौगवां निवासी रज्जाक और उनका परिवार भट्ठे पर काम करता है। रज्जाक के बेटे शरीफ ने बताया कि गांव के दबंगों से तीन दिन पहले झगड़ा हो गया था। उन्होंने शरीफ को पीटा भी था। कोतवाली पुलिस को सूचना दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। दबंगों ने धमकाया तो खामोश होकर बैठ गए। सोमवार रात साढ़े आठ बजे रज्जाक मजदूरी करके लौट रहे थे तभी दबंगों ने गली में घेर लिया और केरोसिन डालकर आग लगा दी।
शरीफ ने मदद के लिए गुहार लगाई, लेकिन कोई बचाने नहीं आया। बाद में परिवार के लोग गांव वालों के साथ पहुंचे तो आरोपी भाग गए। गंभीर रूप से झुलसे रज्जाक को फरीदपुर स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां डॉक्टरों ने बरेली रेफर कर दिया।
एसपी देहात डॉ. संसार सिंह ने कहा कि फरीदपुर के गांव में किसी को जिंदा जलाने की कोशिश का मामला मेरे संज्ञान में अभी तक नहीं आया है। थाना पुलिस भी इस तरह की सूचना से इनकार कर रही है। घटना सही हुई तो दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।