उझानी (बदायूं)। कोतवाली क्षेत्र के गांव अल्लापुर भोगी में शुक्रवार शाम डीजे बंद कराने पर हुए बवाल के मामले में दूसरे पक्ष पर भी कार्रवाई की गई है। कब्रिस्तान के पास रहने वाली महिला की तहरीर पर 41 लोगों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोप है कि मारपीट की गई। पथराव में दो लोग घायल हो गए।
कोतवाली में तहरीर देने से पहले अल्लापुर भोगी निवासी माया देवी पत्नी सुखलाल समेत कई महिलाएं रविवार दोपहर सीओ गजेंद्र सिंह क्षोत्रिय से मिलीं। महिलाओं ने उन्हें शुक्रवार शाम हुए बवाल के बारे में जानकारी दी। बताया कि कोतवाली पुलिस ने एक पक्षीय कार्रवाई की है। इसके बाद माया देवी ने प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह बालियान को तहरीर सौंपी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मारपीट और पथराव के मामले में माया देवी की ओर से जिन 41 लोगों को नामजद किया है, उनमें प्रधान पति रिजवान, रफी अहमद, अवनुद्दीन, वकील अहमद, शकील, उस्मानी, तारिक, जान मोहम्मद, इकबाल, इंत्याज, दूल्हा हसन, इसरार, शकील, अफसर अली, मुन्ना, जमीर, नवाब, रईस अहमद आदि शामिल है। डेढ़ दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों को भी कार्रवाई में शामिल किया गया है।
बता दें कि शब ए बरात पर इबादत के लिए कब्रिस्तान पहुंचे लोगों और पास में बज रहे डीजे के पास खड़े लोगों के बीच विवाद हो गया था। आरोप था कि डीजे बंद करने के लिए कहा गया। पूरे मामले में दरोगा समेत 12 से अधिक लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने गुड्डू पुत्र मियांजान की तहरीर पर 18 लोगों के खिलाफ एक दिन पहले ही रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दोनों पक्षों की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद विवेचना शुरू कर दी गई है। गांव में पीएसी तैनात है। संवाद