बरेली। पुलिस ने मंगलवार को आशुतोष सिटी के एक घर में चरस बना रहे सात लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से गांजा, ग्राइंडर-मिक्सर और 80 हजार रुपये बरामद हुए हैं। ये लोग चरस बनाकर स्कूल-कॉलेजों में सप्लाई करते थे।
मंगलवार को इज्जतनगर थाना पुलिस ने आशुतोष नगर के एक घर में छापा मारा। उस समय वहां सात लोग मौजूद थे, जो चरस बना रहे थे। पुलिस को देखकर इन लोगों ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने सभी को दबोच लिया। पकड़े गए आरोपी रामचरन, संजय शुक्ला, नीरज यादव, विजय कुमार, मुकेश कुमार निवासी बहराइच और शोभा लाल तथा गोविंद बाराबंकी के हैं। ये लोग तीन महीने से यहां किराये पर रहकर चरस बनाते थे और पीलीभीत, बरेली और तराई के इलाकों के स्कूल-कॉलेजों में सप्लाई करते थे। इनके पास से 27 किलो चरस, ढाई किलो पालीथीन, गांजा पीसने की मशीन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, सात किलो मोमबत्ती और करीब अस्सी हजार रुपये बरामद हुए हैं। इंस्पेक्टर केके वर्मा ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की रही है। उनसे कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है।
डेढ़ किलो स्मैक पकड़ी, दो गिरफ्तार
बरेली इज्जतनगर पुलिस ने मंगलवार को सवा करोड़ रुपये की स्मैक के साथ दो तस्करों को दबोच लिया। अहलादपुर चौकी के एसआई सिद्धार्थ गोस्वामी ने लालपुर चौराहे से पैदल गुजर रहे दो युवकों को हिरासत में ले लिया। तलाशी लेने पर उनके पास से डेढ़ किलो स्मैक बरामद हुई। एक आरोपी फरीदपुर का मुफीर खान और दूसरा मीरगंज का तसलीम है। दोनों झारखंड से स्मैक लाकर यहां सप्लाई करते थे। इंस्पेक्टर केके वर्मा ने बताया कि दोनों से पूछताछ की जा रही है।