लखीमपुर खीरी में मुठभेड़ में घायल बदमाश से पूछताछ करते एसपी। संवाद
- फोटो : LAKHIMPUR
लखीमपुर खीरी। पुलिस ने राजा हत्याकांड में शामिल एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गुरुवार रात गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी पीछा कर रहे पुलिस वालों के बाइक समेत गिरकर जख्मी होने से मौका पाकर फरार हो गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी पाकर एसपी सत्येंद्र कुमार जिला अस्पताल पहुंचे और जानकारी की।
गुरुवार को सदर कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े मोहल्ला हिदायतनगर निवासी मोहम्मद जमीर उर्फ राजा (25) पुत्र अनीस की बाइक सवार हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई ने तीन लोगों को नामजद कराया था।
एसपी सत्येंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्रभारी निरीक्षक सदर सुनील कुमार सिंह गुरुवार को बनवारीपुर चौराहा पर राजा हत्याकांड के आरोपियों की तलाश में निकले। सूचना मिली कि हत्याकांड में शामिल दो नामजद बहराइच भागने की फिराक में हैं। इस पर वह अपराध शाखा निरीक्षक बृजेश त्रिपाठी के साथ सतर्क हो गए। और फोर्स भी बुला ली गई। इसी दौरान दो लोग बाइक से पहुंचे और पुलिस वालों को देख मुड़कर भागने लगे। पुलिस ने घेेरा तो उन लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी, पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। ऐसे में एक गोली शातिर नसीम उर्फ बंगाली के दाहिने पैर में जा धंसी और वह गिर गया, जिस पर उसे दबोच लिया गया। इधर, बाइक समेत भागे दूसरे आरोपी को पकड़ने की कोशिश में चौकी इंचार्ज राजापुर अरविंद शुक्ला और सिपाही परीक्षित चौरसिया गिरकर चोटिल हो गए, जिस पर आरोपी फरार होने में सफल रहा। एसपी ने बताया: घायल आरोपी के कब्जे से 315 बोर तमंचा, दो जीवित कारतूस बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया फरार आरोपी चांद उर्फ समर निवासी हिदायतनगर है।