निघासन-सलीमाबाद। गांव बल्लीपुर में ईंट से भरी टैक्टर ट्रॉली ने सामने से आ रहे एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक घायल हो गया। सीएचसी ले जाते समय उसकी रास्ते में मौत हो गई। नाराज ग्रामीणों ने ट्रैक्टर चालक को बंधक बनाकर अपने गांव मुर्गहा लेकर चले गए। पुलिस के पहुंचने पर चालक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चालक ने हेलमेट नहीं पहने था।
कोतवाली क्षेत्र के गांव मुर्गहा निवासी विजय ने बताया कि उसका भाई 35 वर्षीय ईश्वरदीन चौहान अपनी बाइक से शनिवार सुबह करीब 11 बजे धूसर स्थित अपनी ससुराल जा रहा था। बल्लीपुर निवासी जगदीश प्रसाद के पालेसर के पास सामने से ईंट भरकर आ रहे ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे सीएचसी पलिया लेकर जा रहे थे। रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। उधर, घटना की सूचना मिलते ही मुर्गहा और बल्लीपुर के ग्रामीण एकत्रित हो गए और ट्रैक्टर चालक को रोक लिया। काफी देर तक हंगामा करने के बाद ग्रामीण उसे लेकर मुर्गहा गांव पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक को हिरासत में लिया है। ट्रैक्टर पर बैठे चालक के अन्य साथी फरार हो गए। पुलिस हिरासत में चालक ने बताया कि वह बीसलपुर से वह ईंट लेकर पतिया जा रहा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टर्माटम के लिए भेजा है। प्रभारी निरीक्षक दीपक शुक्ला ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद मामले की रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।