सतपाल ने खींचने की कोशिश की पर ट्रक सामने ही कुचल गया दोनों को
सीबीगंज। सोमवार देर रात महेशपुरा के पास हुए सड़क हादसे में दो लोगों की मौत के बाद परिवारों में कोहराम मच गया। आसपास रहने वाले परिवारों के दो युवकों की मौत और एक का पैर कटने की खबर पर तमाम लोग अस्पतालों की ओर दौड़ पड़े। मरने वालों में से एक आकाश को मंगलवार को 11वीं की परीक्षा देनी थी।
एक ही परिवार से जुड़े लोगों के घर परधौली में आसपास ही हैं। यह आपस में रिश्तेदार भी लगते हैं। मरने वाला आकाश और घायल आशीष आपस में ममेरे फुफेरे भाई भी लगते हैं। इनमें आकाश छात्र था और बाकी लोग सहालगों में खाना बनाने का काम करते थे। आकाश भी खाली समय में इन लोगों के साथ यही काम करने लगा था। वह काफी होशियार था। कभी-कभी गांव में सराफ की दुकान पर बैठकर सराफा का काम भी सीखता था। बताते हैं कि घटना के वक्त जब दूसरी बाइक पर सवार सुनील के साथ यह तीनों लोग सड़क पर गिरे तो इनका साथी सतपाल छिटककर दूर जा गिरा। तब सतपाल ने इन्हें उठाने की कोशिश की लेकिन तेज गति से आते ट्रक को देख वह कूदकर पीछे हट गया और ट्रक दो लोगों को कुचल गया। हादसे के बाद ड्राइवर ट्रक छोड़कर भाग निकला। ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। हादसे के वक्त सभी महेशपुरा में ठेेकेदार हरीओम के घर सामान देने जा रहे थे।