खुद को क्राइम ब्रांच बताकर घुसे बदमाशों ने अमरिया में तैनात एसओ के साथ किरायेदार के घर में भी की लूटपाट
छह वर्षीय बेटी के सिर पर तमंचा लगाया, पत्नी से की मारपीट
बरेली। तीन महीने पहले एसएसपी आवास के बाहर टहल रहे इंस्पेक्टर से बदमाश उनका मोबाइल फोन लूट ले गए थे, अब पीलीभीत के थाना अमरिया में तैनात एसओ पुष्कर सिंह गंगवार के शास्त्रीनगर स्थित घर में सरेशाम डकैती पड़ गई। खुद को लखनऊ की क्राइम ब्रांच बताकर घर में घुसे बदमाशों ने एसओ की छह वर्षीय बेटी के सिर पर तमंचा लगाकर उनकी पत्नी के साथ मारपीट की। उनके किरायेदार के परिवार को भी बंधक बना लिया, फिर दोनों घरों से कैश समेत करीब पांच लाख की संपत्ति लूटकर भाग निकले।
समृद्ध लोगों का इलाका माने जाने वाले शास्त्रीनगर में यह वारदात मंगलवार शाम साढ़े छह बजे हुई, बदमाश 20 मिनट के ही अंदर लूटपाट करके फरार हो गए। एसओ पुष्कर सिंह की पत्नी रुचि के मुताबिक घर में इस वक्त उनके साथ छह साल की बेटी आन्या ही थी। दस वर्षीय बेटा पनव बाहर खेलने गया हुआ था। कुछ ही देर पहले घरेलू नौकरानी काम करके निकली थी लिहाजा घर का गेट खुला हुआ था। अचानक घर में धड़धड़ाते हुए घुसे दो लोगों ने उनसे उनके पति के बारे में पूछते हुए बताया कि वे लोग लखनऊ क्राइम ब्रांच से आए हैं और उन्हें उनकी आईडी चेक करनी है। रुचि उनसे माजरा समझने की कोशिश ही कर रही थीं कि पीछे से हाथों में तमंचे लिए तीन और डकैत अंदर घुस आए।
घबराई रुचि के कुछ करने से पहले ही एक बदमाश ने उनकी बेटी आन्या को उठाकर उसके सिर से तमंचा सटा दिया। दूसरे बदमाश ने रुचि से मारपीट करते हुए उनसे चाबियां लीं और फिर सेफ में रखा 50 हजार रुपये कैश, सोने के दो हार और चार चूड़ी निकाल लीं। इसी बीच दो डकैत ऊपर की मंजिल पर किराए पर रह रहे प्रेमशंकर शर्मा, उनकी पत्नी शोभा और बेटे अजय को भी तमंचे से धमकाते हुए नीचे उतार लाए। इसके बाद प्रेमशंकर से भी चाबी छीनकर बदमाशों ने उनके घर से 21 हजार रुपये, एक सोने का हार और चेन लूट ली। आनन-फानन में वारदात कर बदमाश फरार हो गए।
शातिरों का काम: मोबाइल पानी में डाले, डीवीआर भी उखाड़ ले गए
डकैती डालने वाले बदमाश शातिर थे। लूटपाट के बाद उन्होंने सारे लोगों को नीचे कमरे में बंद कर उनके मोबाइल छीने और उन्हें पानी भरी बाल्टी में डाल दिया। सीसीटीवी कैमरे की डीवीआर उखाड़कर साथ ले गए। गेट भी बाहर से लॉक कर गए। करीब 10 मिनट बाद रुचि ने किसी तरह लॉक खोलकर पड़ोसी के यहां से पति को कॉल की। एसओ के घर डकैती की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। डॉग स्कवॉड, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट और फील्ड यूनिट के साथ क्राइम ब्रांच ने भी जांच की। देर रात डीआईजी राजेश पांडेय और एसएसपी शैलेश पांडे ने भी मुआयना करने पहुंचे।
‘सरेशाम घटना हुई है। बदमाशों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। आसपास के सीसीटीवी कैमरों से साक्ष्य तलाशने की कोशिश कर रहे हैं। जल्दी ही नतीजा निकलेगा।’ - शैलेश पांडेय, एसएसपी