बिथरी चैनपुर। गौतमबुद्धनगर कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने उदयपुर जसरथपुर गांव की प्रधान रेशमा के घर की संपत्ति की कुर्क कर खिड़की दरवाजे तक उखाड़ लिए। प्रधान के देवर का 40 लाख रुपये का चेक बाउंस होने के मामले में उसकी फरारी के चलते यह कार्रवाई की गई।
प्रधान रेशमा संयुक्त परिवार में रहती हैं। उनका देवर हसन गौतमबुद्ध नगर में जरी का काम करता था। हसन ने वहीं के वीरेश को जरी कारोबार के लेनदेन में काफी समय पहले 40 लाख रुपये का चेक दिया था, जो बाउंस हो गया। इस पर वीरेश ने हसन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। कोर्ट से नोटिस के बाद भी हसन हाजिर नहीं हुआ तो तीन माह पहले उसकी गिरफ्तारी का वारंट जारी हो गया। हसन के साथ ही प्रधान समेत परिवार के अन्य सदस्य भी कार्रवाई के डर से फरार हो गए। इस पर कोर्ट ने कुर्की का आदेश जारी कर दिया। रविवार को इंस्पेक्टर अशोक कुमार जेसीबी और दंगा निरोधक उपकरण लेकर प्रधान के घर पहुंचे। मगर किसी की विरोध की हिम्मत नहीं हुई। घर में सिर्फ दो बुजुर्ग महिलाएं ही मिलीं। पुलिस ने घर में रेशमा के रखा बक्सा, आलमारी समेत सारा सामान जब्त कर खिड़की, दरवाजे भी उखाड़ लिए। जब्त सामान मालखाने में रखवाया गया है।