अब शीशगढ़ के प्रेमी युगल ने वीडियो वायरल कर मांगी सुरक्षा
खुद को बालिग बताकर पिता और भाई से कहा- पीछा न करें
एडीजी को ट्वीट किया वीडियो, इंस्पेक्टर को जांच के आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
शीशगढ़ (बरेली)। प्रेमविवाह करने वाली शीशगढ़ की एक युवती ने वीडियो वायरल कर और एडीजी को ट्वीट कर सुरक्षा मांगी है। वीडियो में साथ में प्रेमी भी बैठा है। लड़की खुद को बालिग बताकर अपने पिता और भाइयों को संदेश दे रही है कि उसने मर्जी से शादी कर ली है। उनका पीछा करना छोड़ दें। पुलिस अफसरों से प्रेमी युगल ने सुरक्षा देने की मांग की है।
21 नवंबर की रात कस्बा निवासी नेहा सिद्दीकी लापता हो गई थी। कस्बे के ही तंजील अहमद पर उसे बहला फुसलाकर ले जाने का आरोप लगा था। नेहा के परिवार ने तंजील के खिलाफ थाने में 22 नवंबर को फुसलाकर नाबालिग बेटी और माल जेवर ले जाने की रिपोर्ट कराई थी। इसके बाद से पुलिस प्रेमी युगल की तलाश में दबिश दे रही है। पुलिस ने तंजील के परिवार के दो लोगों को थाने में बैठा भी लिया है।
उधर, प्रेमी युगल ने बुधवार को एडीजी जोन को ट्वीट कर अपने परिवार से जान का खतरा बताया। वीडियो में नेहा और तंजील साथ बैठे दिख रहे हैं। नेहा कह रही हैं कि वह बालिग हैं और अपनी मर्जी से तंजील से निकाह कर लिया है। मुझे यह निर्णय लेने का पूरा हक है। कहा है कि पापा आप मेरे ससुराल वालों को तंग करना छोड़ दो। वह न कोई जेवर और न कोई पैसा लेकर आई है। मेरे ऊपर गलत आरोप लगाया गया है। चाचा और भाई ने हमारे पीछे गुंडे लगा रखे हैं। अगर हमको कुछ हुआ तो वही जिम्मेदार होंगे। अफसरों से सुरक्षा मांगी गई है। प्रेमी युगल का वीडियो वायरल होने पर कस्बे में हड़कंप मच गया है। एडीजी ने वीडियो के आधार पर शीशगढ़ पुलिस को कार्रवाई के आदेश दिए हैं। इंस्पेक्टर राजकुमार तिवारी ने बताया कि ट्वीट से वीडियो की जानकारी हुई है। लड़की के परिवार ने जो दस्तावेज दिखाए हैं उनके हिसाब से वह नाबालिग है। प्रेमी युगल कहां है, इसकी भी जानकारी नहीं है जो उन्हें सुरक्षा दी जा सके। वह सही हैं तो उन्हें खुद पुलिस के पास आना चाहिए, पुलिस उनको सुरक्षा देगी।