बरेली। फोन पर धमकी देने वाले आरोपियों को आला हजरत हेल्पिंग सोसाइटी की अध्यक्ष निदा खान ने माफ कर दिया है। उनका कहना है कि बच्चे बहुत छोटे थे उन पर उन्हें तरस आ गया और उन्हें माफ कर दिया। उनको पुलिस थाने ले आई उनके लिए इतना ही सबक काफी था। पुलिस ने भी दुबारा ऐसी गलती न करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया।
इसी माह 10 नवंबर को निदा खान के फोन पर जान से मारने की धमकी आई थी। लिहाजा निदा ने एसएसपी से मिल कर इसकी शिकायत करते हुए तहरीर दी। तीन दिन पहले ही 23 नवबंर को इस मामले में थाना बारादरी में मुकदमा कायम हुआ था। इसमें जांच में साइबर से पता निकालने के बाद नोएडा के रहने वाले दो किशोरों को गिरफ्तार कर पुलिस बरेली ले आई। इनके नाम सौरभ और कुलदीप है। थाने में निदा खान को भी बुलाया गया। निदा के सामने पूछ ताछ के दौरान दोनों रोने लगे और माफी मांगने लगे। इस पर निदा को दया आ गई और उन्होंने दोनों को माफ कर दिया। पुलिस ने लड़कों के माता पिता से निदा की बात भी कराई। यह दोनों ही लड़के सगे भाई हैं। सौरभ जो फोन चलाता है उसके सिम में कुलदीप की आईडी लगी हुई है, इसी लिए पुलिस दोनों लड़कों को थाने ले आई थी। हालांकि उनके फोन में कोई रिकार्डिंग भी नहीं मिली।
तीन तलाक और दूसरी पीड़ित की लड़ाई लड़ रही निदा खान को समाज के विपरीत दिशा में जाकर पीड़िताओं की मदद करती है। इसका उन्हें अक्सर विरोध भी झेलना पड़ता है। इस लिए पुलिस ने इस धमकी को गंभीरता से लिया था और तह तक पहुंच भी गई। इधर निदा खान ने कहा कि दोनों बहुत छोटे बच्चे थे। कार्रवाई हो कर दोनो जेल भी चले जाते तो क्या होता। इनकी जिंदगी और खराब होती। यहीं सोच कर माफ कर दिया।