बरेली। प्रशासन और राजस्व विभाग के लोग ही नहीं भूमाफिया के साथ सांठगांठ में पुलिस भी शामिल है। परतापुर में अपने ही प्लॉट पर भूमाफिया के कब्जे का विरोध करने पर थाना इज्जतनगर के पुलिस वालों ने एक युवक को उसके प्लॉट पर ही जमकर पीटा। इस मामले में पुलिस वालों की मारपीट के वीडियो के साथ एसएसपी से शिकायत की गई है।
परतापुर चौधरी में रहने वाले फैजाने मदार के मुताबिक बस्ती में ही उनका एक प्लॉट है। कुछ भूमाफिया किस्म के लोग उनके प्लाट पर कब्जा करना चाहते हैं। फैजान ने बताया कि जब ये लोग कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे तो वह मौके पर पहुंच गए। काफी देर तकरार के बाद आरोपी उस वक्त तो चले गए लेकिन 23 नवंबर की शाम को उन्हीं के एक आदमी ने उन्हें कॉल करके प्लॉट पर बुलाया। इसी दौरान एक कॉल इज्जतनगर पुलिस की ओर से भी आई। वह पहुंचे तो एक दरोगा और कुछ सिपाही उन पर टूट पड़े। उनकी जमकर पिटाई की। पुलिस के साथ आए दूसरे पक्ष के लोग भी उन पर हमलावर हो गए। किसी तरह वह बचकर निकल भागा। पीड़ित ने कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने फैजान को जांच कराने का आश्वासन दिया है।