दुनका/बरेली। इंस्पेक्टर शीशगढ़ के पराली जलाने की ट्विटर पर शिकायत करने वाले एलएलबी छात्र को एनएसए लगाकर जेल भेजने की धमकी देने के मामले में सीओ बहेड़ी ने जांच शुरू कर दी है। वहीं, धमकी की ऑडियो रिकॉर्डिंग के आधार पर युवक मुख्य न्यायाधीश को भी इसकी शिकायत भेज दी है।
सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश को भेजे पत्र में कहा गया है कि टांडाछंगा के विधि छात्र इरशाद ने पुलिस उच्चाधिकारियों को ट्वीट कर पराली जलाने की शिकायत की थी। इंस्पेक्टर शीशगढ़ ने उसके साथ अभद्रता कर उन्हें झूठे मुकदमे में जेल भेजने की धमकी दी। मुख्य न्यायाधीश से मामले का स्वत: संज्ञान लेकर इंस्पेक्टर शीशगढ़ के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है।