बरेली। किला थाना क्षेत्र के एक मामले में परिवार परामर्श केंद्र में विवाद चल रहा है। पति ने अफसरों से शिकायत की कि उसकी पत्नी सोनम गुप्ता उसके साथ रहना चाहती है पर ससुराली नहीं चाहते कि उनका परिवार बसे। पुलिस कोशिश करे तो वे फिर साथ आ सकते हैं। किला पुलिस ने इस मामले में कोशिश शुरू कर दी है।
आंवला निवासी पति अपनी पत्नी को वापस घर लाने के लिए खासी जद्दोजहद कर रहा है। शनिवार को वह एसएसपी कार्यालय पहुंचकर दर्द बया किया। उसने बताया कि साल भर पहले उसकी शादी किला क्षेत्र निवासी सोनम गुप्ता से हुई थी। पत्नी को घर में सम्मान से रखा। इस साल अप्रैल महीने में उसके ससुर, सास और सालियां घर आए और उसकी पत्नी को विदा कराकर ले गए। इसके बाद से आज तक उसकी पत्नी को अपने ही घर में जबरन रख रहे हैं। उसने कोशिश की पर उसे पत्नी से नहीं मिलने दिया गया। बाद में पत्नी पर दबाव बनाकर उसके खिलाफ दहेज अधिनियम की रिपोर्ट लिखवा दी। विगत दिनों सिविल कोर्ट के परामर्श केंद्र में उसकी फाइल आई तो दोनों पक्ष पहुंचे। वहीं मौका देखकर उसकी पत्नी ने उसे बताया कि वह उसके साथ ससुराल में रहना चाहती है पर उसके पिता इसका विरोध करते हैं। पति ने आशंका जताई कि ससुराली उसकी पत्नी की हत्या कर सकते हैं। आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराकर पत्नी को वापस उसके घर भिजवाया जाए।