बरेली। विदेश में नौकरी के नाम पर बेरोजगारों से ठगी का सिलसिला थम नहीं रहा है। शुक्रवार को बारादरी क्षेत्र के मोहल्ला नवादा शेखान के युवक से दुबई में नौकरी के नाम पर 1.60 लाख की ठगी के बाद अब इज्जतनगर के फरीदापुर में दो युवकों से दुबई में नौकरी के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। एसएसपी ने जांच कर कार्रवाई का आदेश दिया है।
इज्जतनगर थाने के फरीदापुर निवासी इमरान उर्फ मुन्ना और शरीफ खां रोजगार की तलाश में थे। इनके गांव के ही एक युवक का दुबई आना-जाना रहता है। उसने दोनों को दुबई में काम दिलाने का लालच दिया। यह भी कहा कि दोनों के 90-90 हजार रुपये खर्च होंगे। बीजा आदि की व्यवस्था वह करा देगा। झांसे में आकर इमरान और शरीफ ने उसे 40-40 हजार रुपये के साथ पासपोर्ट की फोटो कॉफी भी दे दी। उसने दोनों से बाकी रकम का इंतजाम करने के लिए कहा। बाकी रकम का इंतजाम करने के बाद यह दोनों उसके पास गए तो उसने बीजा की मियाद खत्म होने का बहाना बना दिया। अब लगातार टाल-मटोल कर रहा है। रुपये भी वापस नहीं दे रहा। शनिवार को इमरान और शरीफ ने एसएसपी से मिलकर कार्रवाई की मांग की।
दुबई भेजने के नाम पर ले लिया पासपोर्ट
बरेली। किला थाने के मोहल्ला जसोली के नाजिम की बात जगतपुरा के एक व्यक्ति से दुबई में नौकरी को लेकर हुई थी। उसने एक हजार रियाल महीना और रहना, खाना-पीना फ्री बताया। दुबई जाने के लिए रुपयों की व्यवस्था करने को कहा और पासपोर्ट भी ले लिया। बाद में नाजिम को पता लगा कि उसने नौकरी में जो सुविधाएं बताई हैं वह भी नहीं हैं। नाजिम का आरोप है कि अब वह पासपोर्ट वापस नहीं दे रहा। पासपोर्ट वापस देने के बदले 25 हजार रुपये मांग रहा है।