फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जेल में बने गिरोह ने डाली थी स्वालेनगर में डकैती, पांच बदमाश भेजे जेल

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। स्वालेनगर में जल निगम की महिला कर्मी के घर डकैती और पोल्ट्री फार्म कर्मियों से सवा लाख रुपये लूटने वाले पांच बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वारदात जेल में मेल-मुलाकात के बाद बने छह बदमाशों के गैंग ने की थी। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से नकदी, जेवर, हथियार भी बरामद किए गए हैं। सरगना अब भी पुलिस के हाथ नहीं आया है। पुलिस ने बदमाशों को रामपुर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बनाते वक्त पकड़ा।
विज्ञापन

किला क्षेत्र के स्वालेनगर में 11 अक्तूबर की रात जल निगम कर्मी सोमवती सागर के घर डकैती और बाजार संदल खां निवासी अयूब के पोल्ट्री फार्म कर्मियों से करीब सवा लाख की लूट की घटना को पुलिस ने एक ही तहरीर पर दर्ज किया था। पहले तो पुलिस ने घटना को संदिग्ध बताकर नकारने की कोशिश की थी, लेकिन बाद में अधिकारियों का दबाव बढ़ने पर संदिग्धों को उठाकर पूछताछ शुरू की। सोमवार शाम किला थाना पुलिस को सूचना मिली कि किला नदी के पार कटिकुइयां इलाके में बदमाशों का गिरोह छिपा है। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी करके पांच बदमाशों, कोतवाली के बिहारीपुर निवासी कल्लू उर्फ कलुआ, बारादरी के संजयनगर के छोटू उर्फ विजय, सुभाषनगर के गांव अंगूरी टांडा के आमिर, बारादरी के जोगीनवादा निवासी ब्रहमदेव शर्मा, किला में कटघर के वाहिद को गिरफ्तार कर लिया। गिरोह का सरगना गांव अंगूरी टांडा निवासी अकरम अभी फरार है। पकड़े गए बदमाशों ने पूछताछ में स्वालेनगर में डकैती और लूट की वारदात को अंजाम देने की बात कबूली। बदमाशों ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद वे दो ग्रुपों में बंटकर रेलवे ट्रैक से होते हुए जंगल की तरफ भाग निकले थे। जंगल में ही कुछ समय रुकने के बाद आगे निकल गए। इनके पास से लूटे गए करीब 70 हजार रुपये, एक मोबाइल, तीन जोड़ी पाजेब, कारतूस समेत 315 बोर के दो और 12 बोर का एक तमंचा, दो चाकू और एक सब्बल बरामद किया गया है।पुलिस के मुताबिक बदमाश रामपुर जिले में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए कटि कुइयां में इकट्ठे हुए थे।

बदमाशों के खिलाफ कई मामले हैं दर्ज
पकड़े गए पांचों बदमाशों के खिलाफ शहर के थानों में लूट, जानलेवा हमला, पुलिस मुठभेड़ समेत कई मामले दर्ज हैं। ये पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं। पुलिस के मुताबिक बदमाश जुए और नशे के लिए वारदात करते हैं। करीब 45 लूट और डकैतियों की वारदातें इन्होंने कबूली हैं। पहले ये लोग दो-तीन के ग्रुप में वारदात करते थे, लेकिन जेल में मुलाकात के बाद इन्होंने छह लोगों का गैंग बना लिया। पुलिस को पड़ोसी जिलों में इनका आपराधिक इतिहास होने की आशंका है। बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर की भी कार्रवाई की जाएगी। मामले में जुटी पुलिस टीम को एसएसपी के तरफ से 20 हजार रुपये का इनाम दिया गया। साथ ही एडीजी ने भी टीम को ईनाम देने की घोषणा की है।
विज्ञापन


परिवार पहुंचा गुमशुदगी दर्ज कराने
बारादरी निवासी एक बदमाश के किला थाने में पकड़े जाने की सूचना मिलने के बाद उसका परिवार सोमवार को बारादरी थाने में ही उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंच गया। उन्होंने बदमाश की बाइक किला थाने में खड़ी होने की भी बात कही थी। हालांकि पुलिस ने उन्हें लौटा दिया।
00
पुलिस ने सख्ती की तो पीड़ित ने ही कबूल ली थी वारदात
पुलिस रस्सी को भी सांप बना देती है, यह कहावत यूं ही नहीं है। पुलिस के कारनामों से अक्सर यह सच भी साबित होती है। स्वालेनगर में डकैती और लूट की घटना में भी कुछ ऐसा ही हुआ। पुलिस ने घटना के बाद पोल्ट्री फार्म के लुटे कर्मियों को ही संदिग्ध मानकर उनसे पूछताछ की तो एक कर्मी पुलिस की ‘सख्ती’ से इस कदर आतंकित हो गया कि उसने दोनों वारदातों को खुद अंजाम देने की बात कबूल ली। पुलिस के मुताबिक पीड़ित ने घटना भी ठीक-ठीक बताई थी। अब कहा जा रहा है कि पीड़ित ने बदमाशों को आते हुए देखा होगा, इसलिए घटना का पूरा विवरण सही बयां कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें