बरेली। पिता के साथ कच्ची शराब की तस्करी करने वाले एक युवक को पुलिस ने घेरा तो वह माल और बाइक दोनों छोड़कर भाग निकला। छानबीन में पुलिस ने बाइक पर लटके थैले से करीब 150 क्वार्टर शराब बरामद की है। गांव वालों के मुताबिक तस्कर भोजीपुरा से शराब लाकर गांव के बच्चों को थैलियों में बेचते हैं। आसपास के गांवों के 15-20 वर्ष की उम्र के बच्चे इनके बंधे ग्राहक हैं।
इज्जतनगर क्षेत्र के मोहरनियां गांव में पुलिस ने शराब तस्करी की सूचना पर बृहस्पतिवार रात दबिश दी। पुलिस के मुताबिक दो लोगों के बाइक पर कच्ची शराब लाने की सूचना थी। गांव की तरफ आ रहे बाइक सवार दो लोगों को पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो वह बाइक छोड़कर खेतों में भाग निकले। बाइक पर लटके थैले की तलाशी लेने पर उसमें करीब 150 क्वार्टर देसी शराब के निकले। एक टीम ने गांव में ही तस्करों को ढूंढने की कोशिश की लेकिन वे नहीं मिले। लोगों के मुताबिक मोहरनियां गांव का एक युवक अपने पिता के साथ भोजीपुरा से शराब लाकर आसपास के गांवों में बेचता है। 15-20 उम्र के बच्चे इनके ग्राहक हैं।