बरेली। हस्तशिल्पकारों को एक मंच देने के लिए गुरुवार से अर्बन हाट में मंडलीय सरस मेला शुरू हो गया है। इसमें 123 स्टॉल लगे हैं। यूपी के अलावा पांच दूसरे राज्यों के हस्तशिल्पकार भी अपने उत्पाद लेकर आए हैं। 22 अक्तूबर तक चलने वाले इस मेलेे में महिला हस्तशिल्पकारों को बढ़ावा देेने पर ज्यादा जोर दिया जाएगा। इसके अलावा वस्तु बनाने और उसकी मार्केटिंग के लिए भी प्रशिक्षित किया जाएगा।
कमिश्नर रणवीर प्रसाद ने मेले का उद्घाटन किया। इस मौके पर आयोजित गोष्ठी में उन्होंने कहा कि सरस मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों के आने से रौनक आई है। महिला हस्तशिल्पकारों को भी आगे बढ़ने के लिए अच्छा मंच मिला है। आय बढ़ने से महिलाएं भी मुख्यधारा से जुड़ सकेंगी। कहा, समूहों की महिलाओं को अच्छे प्रोजेक्ट बनाने के लिए बैंक भी पूरी मदद करेंगे। सीडीओ सत्येंद्र कुमार ने कहा कि सहायता समूहों को सरकार की लाभकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके बाद अधिकारियों ने स्टॉलों का निरीक्षण किया। समूह द्वारा बनाए गए सामानों को देखा। रुमाल, साड़ी, शॉल की काफी तारीफ की। कमिश्नर ने बिथरी चैनपुर के दो सहायता समूह को 1.1 लाख और भोजीपुरा के एक समूह को पचास हजार की अनुदान राशि का स्वीकृति पत्र दिया।