बरेली। शहर निवासी एक प्रापर्टी डीलर ने देर रात रुपये लेनदेन के विवाद में साथी पर तेजाबी हमले का आरोप लगाकर सनसनी फैला दी। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया जिसमें प्रारंभिक तौर पर तेजाब की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस आरोपी की तलाश कर सच्चाई जानने में जुटी थी।
बजरिया पूरनमल की पटवा गली निवासी योगेंद्र रस्तोगी प्रापर्टी डीलर के तौर पर काम करते हैं। रात करीब 11 बजे वे जिला अस्पताल आए। उनकी कोहनी और पैर पर कुछ छींटे पड़े हुए थे। उन्होंने बताया कि बड़ी बमनपुरी निवासी अंबरीश से वह अपने कमीशन के 3800 रुपये लेने गए थे। तभी अंबरीश अपने हाथ में तेजाब की बोतल लेकर आया और तेजाब उनके ऊपर फेंकने की कोशिश की। उन्होंने अपना चेहरा और शरीर तो बचा लिया पर कुछ हिस्सा झुलस गया। वहीं, पुलिस इस घटना को संदिग्ध मानकर चल रही है, जांच के बाद ही रिपोर्ट लिखने की बात कही जा रही है।