बरेली। बानखाना में शुक्रवार रात हुए मुस्लिम पक्ष के ही दो गुटों में बवाल के मामले में प्रेमनगर पुलिस की अजीबोगरीब कार्रवाई शनिवार को चर्चा में रही। पुलिस ने दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर ली पर बानखाना वालों पर जानलेवा हमले की धाराओं में हुई कार्रवाई शोर की वजह बन गई। देर रात काफी संख्या में ये लोग एसएसपी से उनके आवास पर जाकर मिले। उन्होंने जांच के आधार पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्रेमनगर क्षेत्र के बानखाना में शुक्रवार रात एक परिवार की लड़कियों से छेड़खानी के विवाद में पठान और घोसी समुदाय के लोगों ने एकदूसरे पर जमकर पथराव किया था। पथराव में कई लोग भी घायल हुए थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने बवालियों को दौड़ाकर मामला शांत कराया था। मौके पर पूरी गली पत्थरों से भरी थी। वहां एक ई-रिक्शा में सो रहे बुजुर्ग भी बाल-बाल बच गए थे। देर रात ही दोनों गुटों की तरफ से थाने पहुंची तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। बानखाना पक्ष की महिला निशा की तरफ से रईसउद्दीन, चुम्मा, चच्चा उर्फ डॉन, कलीम, जाहिद, राशिद, अहद, शौकीन और मुकीम के खिलाफ बलवा और मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। वहीं घोसी पक्ष के कलीम की तहरीर पर जुबैर, जावेद, जुनैद, फैजी, नौशाद, चांद खां, मो. वसीम और शाहिद के खिलाफ बलवा और जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
देर रात दबिशों में प्रेमनगर पुलिस ने जुबैर, जावेद, नौशाद, मोहम्मद वसीम, चांद, कादिर और कलीम को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक तीन दिन पहले लड़की से छेड़खानी को लेकर झगड़े के बाद शुक्रवार को दोनों पक्ष समझौते के लिए मोहल्ले में ही बैठे थे। लेकिन समझौते के बाद ही एक गुट के लड़कों ने दूसरे गुट के दो लड़कों को पीट दिया था। इसके बाद मोहल्ले में दूसरे गुट के लोग इकट्ठा हुए थे।
वहीं, लगातार दबिशों के बाद गिरफ्तारियां हुई तो दोनों पक्षों के लोग सहम गए। इसमें बानाखाना के लोग देर रात एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय से उनके आवास पर जाकर मिले। उनका कहना था कि उनके मोहल्ले में घुसकर पथराव और उपद्रव करने के बाद उन्हीं के खिलाफ पुलिस ने जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उनके पक्ष के ही ज्यादा लोगों की पांच लोगों की गिरफ्तारी हुई है। ये सरासर गलत है। इस मामले में प्रभारी इंस्पेक्टर प्रेमनगर मनोज कुमार का कहना था कि दोनों पक्ष से मिली तहरीरों के आधार पर रिपोर्ट लिखी गई है। पुलिस अब इनकी जांच कर आरोपों की सत्यता और मेडिकल परीक्षण के आधार पर कार्रवाई करेगी।