बरेली। रात भर से लापता रहने के बाद एक किशोरी के भाई ने उसे ढूंढना शुरू किया तो वह मकान में ही किराए पर रह रहे एक बीटीसी के छात्र के कमरे में आपत्तिजनक अवस्था में मिली। भाई को देख किशोरी ने अपने साथ दुष्कर्म होने की बात बताई। हालांकि मोहल्ले में दोनोें के प्रेम प्रसंग और परिवार के दबाव में आरोप लगाने की भी चर्चा है। किशोरी के भाई की शिकायत पर बारादरी थाने में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सों एक्ट की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बारादरी क्षेत्र के एक मकान में किराए पर रहने वाले एक युवती शनिवार सुबह लापता मिली तो उसके भाई व अन्य परिजनों ने ढूंढना शुरू किया। उसके भाई ने बताया कि किशोरी को मकान में सभी किराएदारों के कमरों में ढूंढा गया लेकिन अपने भाई के साथ किराए पर रह रहे पीलीभीत निवासी एक बीटीसी के छात्र ने कमरे की तलाशी देने से इंकार कर दिया। उन्होेंने अन्य लोगों के साथ जबरन कमरे की तलाशी ली। उनके मुताबिक उन्हें किशोरी कमरे में रोती हुई मिली। किशोरी ने आरोप लगाया कि युवक ने बहाने से कमरे में बुलाकर उससे दुष्कर्म किया और शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। किशोरी को वहां से निकालकर लोगों ने युवक को बुरी तरह पीटा, फिर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि चर्चा है कि दोनों में प्रेम प्रसंग था। बीटीसी के छात्र का भाई शुक्रवार से घर पर नहीं था। इसके चलते किशोरी चोरी छिपे उसके कमरे में रुकी थी। शक होने पर परिवार ने पकड़ लिया। इसके बाद परिवार के दबाव में युवक के खिलाफ दुष्कर्म की रिपोर्ट दर्ज कराई।