बरेली। हुक्का बार मामले में ताबड़तोड़ छापामारी और अब कोतवाली में पहली रिपोर्ट के बाद धंधेबाजों में कुछ खौफ दिख रहा है। छोटे होटलों और रेस्टोरेंट में फिलहाल हुक्का बार पर बंदिश लगी है। पुलिस को निगरानी में ऐसा कुछ नहीं मिला। वहीं, व्यापारियों को मंत्री के कार्यक्रम में होने की वजह से एसएसपी नहीं मिल सके। वे शुक्रवार को उन्हें ज्ञापन और संदिग्ध स्तानों की सूची सौंपने की बात कह रहे हैं।
कोतवाली पुलिस ने सिसिली कैफे हुक्का बार मामले में बुधवार रात रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। सीबीगंज थाने की कांस्टेबल का पति शिवेंद्र इसे संचालित कर रहा था। इससे पहले बारादरी और प्रेमनगर पुलिस ने अपने क्षेत्र में हुक्का बार पर छापामार कार्रवाई तो की है पर पुलिस और एफएसडीए ने इनमें से किसी पर रिपोर्ट नहीं कराई। हालांकि छापामारी और रिपोर्ट के बाद हुक्का बार संचालकों में खौफ है। प्रेमनगर थाने के इंस्पेक्टर क्राइम ने अपने क्षेत्र के कई रेस्टोरेंट का जायजा लिया पर वहां हुक्का बार नहीं मिला। कुछ नए सिपाहियों को सादा कपड़ों में ग्राहक बनाकर हुक्का बार में भेजा गया पर संचालकों ने साफ मना कर दिया कि यहां हुक्का बार नहीं चलता है।
पश्चिमी उप्र उद्योग व्यापार मंडल के महानगर अध्यक्ष रामकृष्ण शुक्ला के साथ कई व्यापारी गुरुवार को एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय को हुक्का बार के संदिग्ध स्थानों की सूची देने पहुंचे। बुधवार को डीआईजी राजेश कुमार पांडेय ने मुलाकात के बाद उन्हें एसएसपी से मिलने को कहा था। इन लोगों को पता लगा कि एसएसपी मंत्री के कार्यक्रम में हैं तो ये लौट आए। शुक्ला ने बताया कि अब वे लोग शुक्रवार को एसएसपी को मिलकर हकीकत बताएंगे।