डोरबेल के टूटे तार से लगा करंट चौकी प्रभारी के बेटे की मौत
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। कोतवाली की बिहारीपुर चौकी के आवास की डोरबेल के पुराने और टूटे-फूटे तार से लगे करंट ने चौकी इंचार्ज देवेंद्र सिंह के 20 वर्षीय बेटे सौरभ की जान ले ली। जिम जाने के लिए घर से निकल रहा सौरभ करंट की चपेट में आने के बाद बरामदे में भरे पानी में गिरा तो उठ नहीं सका। सुबह छह बजे जब यह हादसा हुआ तो परिवार के बाकी लोग सो रहे थे।
देवेंद्र सिंह अपनी पत्नी, बेटी और बेटे के साथ चौकी से सटे सरकारी आवास में रह रहे थे। उनका 20 साल का इकलौता बेटा सौरभ नीट की तैयारी कर रहा था। रोज सुबह साढ़े छह बजे वह जिम जाता था। रविवार सुबह वह जिम जाने के लिए निकला तो बाहर बारिश हो रही थी। परिवार में बगैर किसी को जगाए उसने मेन गेट से निकलकर बाहर से कुंडी लगाने के लिए जैसे ही हाथ ऊपर किया तभी डोरबेल से अंदर जा रहे टूटे-फूटे तार के कट से छू गया। उस वक्त लाइट नहीं थी और तार में इन्वर्टर का करंट दौड़ रहा था। करंट लगते ही वह चीखते हुए बरामदे में भरे बरसात के पानी में गिर पड़ा। बेटे की चीख सुनकर उठे देवेंद्र दरवाजे की कुंडी लगी होने से बाहर नहीं आ सके। पिछले दरवाजे से वह चौकी में होते हुए बाहर निकले, तब तक सौरभ की मौत हो चुकी थी। इस हादसे से देवेंद्र और उनका परिवार बेसुध सा हो गया। प्रभारी एसएसपी अभिनंदन सिंह, सीओ सिटी अशोक कुमार, कोतवाल सदर गीतेश कपिल भी घटना की सूचना पर पहुंच गए। देवेंद्र बेटे के शव को अमरोहा के राजापुर थाना क्षेत्र के पैतृक गांव पूरी ले गए। इंस्पेक्टर समेत कई और अधिकारी उनके साथ गए। देर शाम गांव में ही सौरभ का अंतिम संस्कार कर दिया गया।