बरेली। घर में घुसकर मारपीट और महिला के गले से मंगलसूत्र लूटने के मामले में बारादरी पुलिस ने एडीजी के आदेश पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। मारपीट और लूटपाट की यह वारदात बाइक का हॉर्न बजाने को लेकर करीब 15 दिन पहले हुई थी।
बारादरी के गोसाई गौटिया में काली मस्जिद के पास रहने वाली रामश्री पत्नी चंद्रपाल ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। रामश्री का कहना है कि उनका भतीजा प्रमोद पांच सितंबर को बाइक से अपनी पत्नी के साथ उनके घर आ रहा था। मोहल्ले में ही टेंपो चलाने वाला अशोक रहता है। वह टेंपो लेकर जा रहा था। प्रमोद ने बाइक का हार्न बजाया तो अशोक ने मारपीट कर दी। प्रमोद घर पहुंचा तो अशोक, ज्वाला, छविराम और अर्जुन घर पर चढ़कर हमला कर दिया। प्रमोद की पत्नी के गले से मंगलसूत्र भी लूट लिया। इसकी सूचना जोगी नवादा चौकी पर भी दी। पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। रामश्री ने एडीजी अविनाश चंद्र से मिलकर कार्रवाई की मांग की। एडीजी के आदेश पर बारादरी पुलिस ने चारो आरोपियों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज की है।