बरेली। सुभाषनगर थाने के वंशीनगला में रहने वाला इंटर मीडिएट का छात्र एक युवती से मोबाइल पर बात करके बुरी तरह फंस गया। युवती अब उस पर शादी का दबाव बना रही है। धमकी देती है कि शादी न की तो दुष्कर्म के मामले में जेल भिजवा देगी। शुक्रवार को छात्र अपने पिता के साथ एसएसपी से मिलने पहुंचा और कार्रवाई की मांग की।
सुभाषनगर के वंशीनगला का छात्र दिल्ली में रहने वाली अपनी बुआ के पास गया था। वहां उसकी मुलाकात रामपुर की रहने वाली एक लड़की से हुई। दोनों के बीच मोबाइल पर बात होने लगी। छात्र का कहना है कि एक दिन लड़की ने उसे होटल में बुलाया। झांसे में आकर वह उसके पास चला गया। वहां पहुंच कर उसे पता चला कि लड़की देह व्यापार के धंधे में लिप्त है। वह होटल से चला आया और लड़की से पूरी तरह दूरी बना ली। छात्र का आरोप है कि अब लड़की उसको धमकी दे रही है। अगर वह उससे शादी नहीं करेगा तो उसे दुष्कर्म के मामले में जेल भिजवा देगी। छात्र ने एसएसपी से कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी ने जांच करा कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।