बरेली। पुलिस लाइन में एक सिपाही के क्वार्टर में चोरी करने वाले तीन मजदूरों को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी सामने बन रहे बैरक में ही काम कर रहे थे। पुलिस ने उनके पास से नकदी और जेवर भी बरामद किए हैं।
कोतवाली क्षेत्र स्थित रिजर्व पुलिस लाइन में रहने वाले ट्रैफिक पुलिस में तैनात एक सिपाही अर्जुन सिंह के क्वार्टर में 19 अगस्त को चोरी हो गई थी। पत्नी के मायके पहुंचे अर्जुन घर लौटे तो उन्हें ताले टूटे मिले थे। हालांकि उस वक्त पुलिस ने सिर्फ ताले टूटने की बात की थी। कोतवाली पुलिस ने अब सोमवार को पीलीभीत के मोहल्ला प्यास निवासी राजेंद्र, झंकार और नंदकुमार को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से पुलिस ने 48 हजार रुपये और सोने के जेवरों की बरामदगी दिखाई है। पुलिस के मुताबिक इन्हीं तीनों ने क्वार्टर में चोरी की थी। क्वार्टर के सामने बन रहे बैरक में काम करते वक्त तीनों ने रेकी कर ली थी। सिपाही के जाने के बाद रात में हाथ साफ किया और बैरक में लौट गए।