बरेली। नवाबगंज थाना क्षेत्र में जानलेवा हमले के मामले में घायल एक बुजुर्ग को देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्हें सही उपचार न मिला तो विधायक ने कॉल की। तब प्राथमिक उपचार और एक्सरे कराकर उन्हें निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया।
फरीदापुर गागा निवासी 60 साल के ज्वालाप्रसाद और उनके बेटे रिंकू को घायल अवस्था में गुरुवार देर रात सवा 11 बजे जिला अस्पताल लाया गया। उन्हें भर्ती करा दिया गया पर स्टाफ ने उपचार में रुचि नहीं ली। थोड़ी देर में एक विधायक का फोन आया तो रात में ही एक्सरे करा दिया गया। रिंकू ने बताया कि वह बरेली में पेस्टीसाइड का काम करते हैं। रात में अपने घर जा रहे थे। गांव से पहले ही उनके विरोधी पक्ष के लोगों ने उन्हें घेर लिया। विरोध किया तो उनसे मारपीट कर दी। उन्होंने शोर मचाया तो उनके पिता ज्वाला प्रसाद व परिवार के अन्य लोग आ गए। तब हमलावरों ने पिता के सिर पर कई लाठियां मारीं, इससे उनका सिर फट गया। पुलिस ने उन्हें पहले नवाबगंज सीएचसी में भर्ती कराया, बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया।