बरेली। रुपये न देने पर एक हेड कांस्टेबल पर चना-मूंगफली का ठेला लगाने वाले व्यक्ति ने पीटने का आरोप लगाया है। बताया कि कान में थप्पड़ों की जोरदार चोट लगने के बाद उसे सुनाई भी नहीं दे रहा। इसकी शिकायत करने पीड़ित मंगलवार को एसएसपी कार्यालय पहुंचा। शिकायत सुन रहे एसपी ट्रैफिक ने मामले में जांच के आदेश दिए हैं।
कोतवाली क्षेत्र के आलमगीरीगंज निवासी राजू कौशल जिला अस्पताल रोड पर चना-मूंगफली का ठेला लगाते हैं। उनके मुताबिक यहां आने वाले सिपाही वहां ठेला लगाने के लिए उनसे मोटी रकम मांगते हैं। रुपये न देने पर परेशान करते हैं। बताया कि 19 जुलाई को कुतुबखाना चौकी पर तैनात एक दीवान उनसे रुपये मांगने आए थे। आरोप है कि रुपये न देने पर दीवान ने उन्हें बुरी तरह पीट दिया। वहां मौजूद उनकी पत्नी ने बीचबचाव किया तो दीवान ने उनसे भी गालीगलौज की। इसके बाद उनके कान में परेशानी होने लगी। काफी दिन इलाज के बाद डॉक्टरों ने सोमवार को ऑपरेशन कराने की बात कह दी। इंस्पेक्टर गीतेश कपिल ने कहा कि दीवान ने किसी अतिक्रमणकारी को हटाया होगा तो आरोप लगाए जा रहे हैं। आरोप लगाने वाले को पहले कोतवाली में शिकायत करनी चाहिए थी। हालांकि जांच आएगी तो सच्चाई का पता करेंगे।