बरेली। संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता एक युवती लौटी तो उसने इलाके के एक मढ़ी मंदिर के बाबा पर उसे अगवा कर बेचने का आरोप लगाया है। बाबा ने 15 दिन मढ़ी में रखने के बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर एक दिव्यांग से शादी करा दी। वहां से किसी तरह बचकर भागी तो थाने पहुंचकर शिकायत की। पुलिस ने पीड़ित को टहलाती रही तो एक युवक ने सोमवार को एडीजी से ट्वीट में मामले की शिकायत की। उन्होंने थाना पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं।
अलीगंज क्षेत्र निवासी एक युवती कुछ समय पहले संदिग्ध परिस्थितियों में गांव से लापता हो गई थी। कुछ दिन पहले युवती अचानक लौटी तो उसकी शादी हो चुकी थी। परिजनों ने पूछताछ की तो उसने बताया कि इलाके के ही एक मंदिर का बाबा उन्हें नशा सुंघाकर अपने साथ ले गया था। आरोप लगाया कि करीब 15 दिन बाबा ने उसे वहां बंधक बनाकर रखा और उसके साथ गलत काम किया। इसी बीच बाबा ने उनका कोई आपत्तिजनक वीडियो बना लिया और उन्हें एक दिव्यांग से शादी करने को धमकाने लगा। जबरन दिव्यांग शादी भी करा दी। उनके मुताबिक इसके बाद दिव्यांग उनके साथ जबरन शारीरिक बनाने लगा। उन्हें बंधक बनाकर रखता था और किसी से बात भी करने नहीं देता था। करीब एक हफ्ता पहले मौका पीड़ित वहां से भाग निकली। बताया कि थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की वह टहलाने लगे। इसकी शिकायत ट्विटर पर एडीजी से की गई तो थाना पुलिस को तहरीर भी याद आ गई। अब अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद पुलिस ने मामले को संदिग्ध मानकर जांच शुरू कर दी है।