बरेली। हंगामा और विवाद करके कॉलेज के माहौल को खराब करने वाले खुराफाती छात्रों की सूची आज सोमवार को बरेली कॉलेज पुलिस-प्रशासन के अफसरों को सौंप देगा। सूची में कॉलेज में हंगामा करने वाले छात्रनेताओं के अलावा गुंडा एक्ट और मुकदमों में नामजद छात्र भी शामिल हैं।
बता दें कि इस बार बरेली कॉलेज में प्रवेश प्रक्रिया के दौरान ही विवाद की शुरुआत हो गई थी। छात्रनेता मोहित कुमार सिंह और मुख्य प्रवेश समन्वयक डॉ. अनुराग मोहन भटनागर के बीच विवाद के बाद दोनों पक्षों ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद ही कॉलेज प्रशासन ने खुराफाती छात्रों को सबक सिखाने की तैयारी शुरू कर दी थी। अब कॉलेज प्रशासन ने लगभग दो साल के हंगामों का रिकॉर्ड खंगालने के बाद 20 खुराफाती छात्रों की सूची तैयार की है, जिसमें हंगामा करने वाले छात्रनेता, गुंडा एक्ट और मुकदमों में नामजद छात्र शामिल हैं।
सोमवार को चीफ प्रॉक्टर डॉ. वंदना शर्मा यह सूची एडीजी, डीएम, एसएसपी और सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपेंगी। माना जा रहा है कि प्रशासन इन खुराफातियों को मुचलका पाबंद करेगा और फिर कॉलेज प्रशासन परिसर में इनके घूमने पर पाबंदी लगाएगा।