बरेली। फोटो विजन संस्था की ओर से रविवार को विश्व फोटो दिवस के उपलक्ष्य में आईएमए हॉल में दो दिवसीय अखिल भारतीय फोटो प्रदर्शनी का आयोजन हुआ। प्रदर्शनी में पिछले दिनों इंडिया इंटरनेशनल फोटोग्राफिक काउंसिल, नई दिल्ली के सहयोेग से आयोजित अखिल भारतीय फोटोग्राफी प्रतियोगिता में शामिल 7 राज्यों के 35 फोटोग्राफरोें के सौ फोटो को प्रदर्शित किए गए।
सचिव डॉ. पंकज शर्मा ने बताया कि प्रदर्शित तस्वीरें अपने संयोजन और विषयवस्तु के कारण दर्शकों को आकर्षित करने मेें सफल रहीं। इसमें आंध्र प्रदेश काकीनाडा के जीजेएसयूपी प्रसाद की वायुसेना की ओर से रेस्क्यू की तस्वीर ने सैन्य पराक्रम को दर्शाकर लोगों को आकर्षित किया। इंदौर के अनुराग बडौलिया की फोटो ओपन क्लास और सारी जिम्मेदारियों के बावजूद बच्चे को गोद में लेकर नंगे पांव साइकिल चलाते हुए महिला की तस्वीर ने महिला सशक्तिकरण समेत समाज में उनके बढ़ते कदमों को जाहिर किया है। फोटो प्रदर्शनी में नेचर, सनसेट, सनराइज व अन्य थीम पर आधारित तस्वीरें भी लोगों को लुभाने में कामयाब रहीं। फोटो प्रदर्शनी का उद्घाटन लेखक, छायाकार और वरिष्ठ पत्रकार प्रभात सिंह ने किया। इस दौरान संस्था के अध्यक्ष गोपाल शर्मा, शरद मिश्रा, डॉ. कामरान खान, अभिषेक द्विवेदी, संरक्षक प्रेरणा वर्मा, विजय कुमार आदि मौजूद रहे।