बरेली। फेसबुक से जुड़े अपराधों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। शनिवार को शहर के दो परिवारों से जुड़े लोग एसएसपी दफ्तर आ धमके। यहां छात्रा ने शिकायत की कि उसका फोटो लगाकर उसके नाम से फर्जी आईडी बनाकर फेसबुक पर अश्लील कमेंट डाले जा रहे हैं। एक नंबर डालकर लोगों से कॉल करने को कहा गया है। साथ आए दूसरे युवक ने शिकायत दी कि मोबाइल नंबर उसका डाला है और वो खुद इस तरह की कॉल्स से परेशान है। दोनों ने असली आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। मामला साइबर सेल को भेजा गया है।
शनिवार दोपहर एसपी क्राइम रमेश कुमार भारतीय के पास परिवार के साथ पहुंची। उसने बताया कि किसी ने उसके फोटो लगाकर एक फर्जी फेसबुक आईडी बना दी है। वह उस पर अश्लील कमेंट कर रहा है। कॉल करने को एक नंबर लिखा है और उस पर बात करने का आग्रह कर रहा है। उन्होंने जानकारी की तो जिसका नंबर लिखा है वो शख्स भी मिल गया। साथ आए युवक ने बताया कि उसका नंबर ही डाला गया है। उसके पास इतनी अश्लील बातों भरे कॉल आ रहे हैं कि बता नहीं सकता। उल्टे छात्रा के परिवार के लोग उसी को दोषी मान रहे हैं। एसपी क्राइम ने बताया कि वह इस मामले को साइबर सेल भेज रहे हैं। वहां से जांच में सच्चाई सामने आ जाएगी। शायद उन लोगों का कोई परिचित शख्स ही यह हरकत कर रहा है। उसे पकड़ लिया जाएगा।