बरेली। शादी से इन्कार किया तो छात्रा के अश्लील मेसेज बनाकर शोहदा उसे बदनाम करने लगा। छात्रा के रिश्तेदारों को भी अश्लील मेसेज भेजे। आते जाते छात्रा का पीछा कर शोहदा उसे प्रताड़ित करने लगा। मेसेज भेजना बंद करने के लिए लाखों रुपये की रंगदारी भी मांगी। एसएसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ थाना किला में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
किला क्षेत्र निवासी छात्रा के फोन पर एक शोहदा पिछले कई दिनों से आपत्तिजनक मेसेज भेज रहा था। विरोध करने पर फोन पर शोहदा छात्रा को गालियां देता था। परिजनों के मुताबिक कुछ दिन पहले छात्रा ने अचानक स्कूल जाना बंद कर दिया तो उसे परेशानी पूछी। छात्रा के मुताबिक बारादरी क्षेत्र के कांकरटोला निवासी सलीम खां कई दिनों से उसके पीछे पड़ा है। संबंध बनाने और शादी करने की बात कहता है। परिजनों ने सलीम के घर जाकर शिकायत की तो वह छात्रा के फोटो एडिट कर उसके रिश्तेदारों को भेजने लगा। विरोध जताने पर बंद करने के लिए सात लाख रुपये की रंगदारी भी मांगी। आरोप है कि सलीम उसे अश्लील फोटो बनाकर बदनाम कर शादी करने का दबाव बना रहा है। बताया कि पुलिस से शिकायत की तो सलीम छात्रा के ऊपर तेजाब डालने और उसे अगवा करने की धमकी देता है।