सीबीगंज। छुट्टियों मनाने रिश्तेदार के घर आए एक युवक ने उनकी कालोनी की ही एक युवती को बहाने से घर बुलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस से शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने कोर्ट में अर्जी डाली। कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ थाना सीबीगंज में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इज्जतनगर क्षेत्र के फरीदापुर चौधरी निवासी एक युवक डंपी कुछ समय पहले सीबीगंज निवासी अपनी खाला के घर छुट्टियां मनाने आया था। इसी बीच आरोपी की जान पहचान कालोनी की एक युवती से हो गई। युवती के मुताबिक डंपी ने उन्हें बहाने से घर बुलाकर उनसे आपत्तिजनक बातें की। आरोप है कि विरोध करने पर हथियार के डराकर आरोपी ने उनके साथ दुष्कर्म किया। परिजनों से शिकायत की तो आरोपी ने पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
कटी हुई केबिल से चिपककर करंट लगने से भैंस की मौत
सीबीगंज। बिजली विभाग की लापरवाही के चलते घास चर रही एक भैंस की करंट लगने से मौत हो गई। राहगीरों ने किसी तरह पावर हाउस से लाइट बंद कराई लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
क्षेत्र के परसाखेड़ा स्थित पुराने बिजली घर के पास एक नया बिजली घर बन गया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक पुराने बिजली घर से केबिल नए बिजली घर की तरफ आ रही है। कुछ केबिल जमीन पर भी गिरी हुई हैं। बुधवार को इस फील्ड में घास चरते वक्त एक भैंस एक कटे हुए केबिल की चपेट में आ गई। करंट लगने के बाद भैंस काफी देर वहां पड़ी तड़पती रही। राहगीरों ने बिजली घर फोन कर सप्लाई बंद कराई। लेकिन तब तक भैंस की मौत हो चुकी थी।