बरेली। लखीमपुर की एक महिला ने भीड़ की मदद से ऑटो ड्राइवर को पीटकर पुलिस को सौंप दिया। महिला ने आरोप लगाया कि वह बरेली में अपनी बहन के घर आई थी। ऑटो ड्राइवर ने उसे उतारने के बाद उससे मारपीट और मोबाइल लेकर भागने की कोशिश की।
लखीमपुर खीरी के मैलानी कस्बे के वार्ड नंबर नौ निवासी नीलू शर्मा ने बताया कि वह इन दिनों किराए पर बारादरी थाना क्षेत्र की ग्रीन पार्क कॉलोनी में रहती हैं। वह बुधवार दोपहर अपनी बहन नरेंद्र कौर के घर ग्रीन पार्क गई थीं। वहां गेट के अंदर जा रही थीं तभी पीछे से एक ऑटो तेजी से आया। ड्राइवर ने ऑटो उनके बराबर में रोका और उन्हें बाल पकड़कर गिरा लिया। इसके बाद उनके हाथ से उनका मोबाइल छीनकर भागने लगा। उन्होंने शोर मचाया तो काफी लोग मौके पर आ गए। इन्होंने आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया। लोगों ने टेंपो ड्राइवर को पीटकर बारादरी पुलिस के हवाले कर दिया। नीलू ने उसके खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।