बरेली। मंदिर से लापता सेवादार घर पहुंचा तो परिजनों ने संपर्क न करने को लेकर डांट दिया। इससे आहत होकर सेवादार ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। जेब से मिली डायरी से परिजनों से संपर्क किया गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
जिला पीलीभीत में बीसलपुर के गांव बैरा निवासी 32 वर्षीय राजीव शर्मा पीलीभीत बाईपास स्थित एक साईं मंदिर में सेवादार का काम करते थे। कुछ दिनों पहले राजीव अचानक लापता हो गए थे। इसके चलते मंदिर के महंत ने बारादरी थाने में उनकी गुमशूदगी दर्ज कराई थी। इसी बीच इज्जतनगर क्षेत्र में कत्था फैक्ट्री के पास शुक्रवार देर रात एक व्यक्ति ने ट्रेन के ट्रैक पर लेटकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव की तलाशी ली तो उसने राजीव का आधार कार्ड और एक डायरी निकली। जिसकी मदद से उनके भाई संजीव शर्मा को सूचना दी गई। संजीव के मुताबिक राजीव लापता होने के बाद शुक्रवार को घर पहुंचे थे। वहां बिना बताए गायब हो जाने के लिए परिजनों ने उन्हें डांटा तो नाराज होकर घर से निकले और यहां आकर आत्महत्या कर ली।